WELCOME

VSK KASHI
63 MADHAV MARKET
LANKA VARANASI
(U.P.)

Total Pageviews

Thursday, November 11, 2010

आरएसएस : स्वयंसेवकों ने चेताया सरकार को






आरएसएस : स्वयंसेवकों ने चेताया सरकार को



वाराणसी, नगर प्रतिनिधि : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवकों ने बुधवार को जिला मुख्यालय पर धरना देकर केंद्र सरकार को चेताया है कि वह संघ को बदनाम करने की साजिश से बाज आए। वर्ना उसे जनता सबक सिखाएगी। देश के विभिन्न हिस्सों में बीते वर्षो में हुए बम धमाकों से जुड़ाव का अपने ऊपर लग रहे आरोपों के प्रतिकार में संघ ने धरने का देशव्यापी आयोजन किया था। पहली मर्तबा सार्वजनिक रूप से सरकार के खिलाफ सड़क पर उतरे संघ के इस आयोजन में जिला मुख्यालय पर बड़ी संख्या में लोग जुटे। इसमें तमाम ऐसे चेहरे दिखे जिनकी तीसरी पीढ़ी भी उनके साथ थी। भाजपा, विहिप व बजरंग दल के कार्यकर्ता, पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि आयोजन में अपनी उपस्थिति दर्ज कराने के लिए खासे सक्रिय रहे। दोपहर एक बजे शुरू धरना तीन बजे खत्म हुआ। इस मौके पर अखिल भारतीय विद्वत परिषद के राष्ट्रीय संयोजक डॉ. कामेश्वर उपाध्याय ने कहा कि केंद्र सरकार अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए वर्ग व जाति संघर्ष करा रही है। इंद्रेश कुमार संघ की अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल के सदस्य हैं और उनको घेरकर लंकारूपी सरकार अपने खात्मे को आमंत्रण दे रही है। प्रज्ञा प्रवाह के क्षेत्र संगठन मंत्री रामाशीष सिंह ने कहा कि संघ राष्ट्रवादी संगठन है। पिछले 85 वर्षो का इतिहास इसका साक्षी है। वर्ष 1948 से संघ को समाप्त करने के लिए कांग्रेस की ओर से चलाए जा रहे षड़यंत्र को आगे बढ़ाते हुए ही राहुल गांधी ने संघ की तुलना सिमी से की है। संघ के प्रांत कार्यवाह डॉ. वीरेंद्र जायसवाल ने कहा कि राष्ट्रवादी संगठनों तथा संत-महापुरुषों को योजनाबद्ध ढंग से निशाना बनाकर भ्रम की स्थिति उत्पन्न करने का कुटिल प्रयास किया जा रहा है। विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. रजनीश शुक्ल ने कहा कि कमजोर इच्छाशक्ति वाली यह सरकार अपने काले कारनामों से जनता का ध्यान हटाने के लिए हिंदू समाज व संघ को अपमानित कर रही है। उसके इस घृणित कार्य से जनता व्यथित है। धरना को सफल बनाने में भाजपा की महानगर व जिला इकाइयां अपने अध्यक्ष क्रमश: श्री रामगोपाल मोहले व रामप्रकाश दूबे के नेतृत्व में पूरी सक्रियता से जुटी रही। इसका असर भी दिखा कि सत्ता से बाहर आने के बाद पहली बार संख्या हजारों में रही। इससे पूर्व भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के अध्यक्ष अशोक कुमार कोहली के नेतृत्व में विभिन्न शाखाओं के स्वयंसेवक महमूरगंज से वाहनों पर सवार होकर जुलूस की शक्ल में जिला मुख्यालय पहुंचे। धरना समाप्ति पर वहां पहुंचे सिटी मजिस्ट्रेट एसके शुक्ल को संघ के पदाधिकारियों ने प्रधानमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन दिया। संचालन अरूण श्रीवास्तव ने व धन्यवाद ज्ञापन प्रो.सत्येंद्र मिश्र ने किया। कार्यक्रम में महापौर कौशलेन्द्र सिंह के साथ ही विधायक श्यामदेव राय चौधरी, ज्योत्सना श्रीवास्तव, अशोक धवन व केदारनाथ सिंह के साथ ही तमाम भाजपा कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। www.jagran.com

सड़कों पर उतरा आरएसएस
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली भगवा आतंकवाद के आरोपों की तपिश से विचलित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पहली बार देश भर में सड़कों पर उतरा। उसने केंद्र सरकार के खिलाफ दो-दो हाथ करने का एलान किया है। संघ नेतृत्व ने दो टूक कहा है कि संघ पर आतंकवाद का ठप्पा लगाकर उसे बदनाम करने व हिंदू समाज को तोड़ने की इस साजिश को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। धरना-प्रदर्शनों में भाजपा समेत उसके तमाम आनुषंगिक संगठनों के नेताओं व कार्यकर्ताओं ने भी हिस्सा लिया। पहले भगवा आतंकवाद शब्द और फिर संघ के प्रचारक इंद्रेश कुमार के खिलाफ अजमेर की आतंकी घटना में आरोप पत्र लाए जाने के बाद संघ को इस तरह की आक्रामक भूमिका में आने के लिए मजबूर कर दिया। उसने कानूनी लड़ाई लड़ने के साथ सड़कों पर भी सीधे-सीधे कांग्रेस के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के खिलाफ जंग की घोषणा कर दी। संघ के इतिहास में यह पहला मौका है जबकि संघ प्रमुख मोहन भागवत से लेकर साधारण स्वयंसेवक तक एक साथ सड़क की लड़ाई में उतरा है। मोहन भागवत ने लखनऊ में साफ-साफ लफ्जों में कहा कि अब चुप रहना ठीक नहीं है। यह संकट सिर्फ संघ पर ही नहीं है। यह देश की एकता, शांति पर हमला है। हम इसका मुकाबला करेंगे, न्यायालय में लड़ेंगे, जनता के बीच जाएंगे। जो लोग कुचक्र रच रहे हैं, उन्हें इसका पूरा जवाब दिया जाए, ऐसी व्यवस्था संघ करेगा। भाजपा ने भी संघ की इस जंग का खुला समर्थन किया है।
साजिश का मिलेगा मुंहतोड़ जवाब
वरिष्ठ संवाददाता, इलाहाबाद : भगवा आंतकवाद के आरोपों के विरोध में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ ने बुधवार को प्रदर्शन किया। कलेक्ट्रेट के सामने हुए प्रदर्शन में संघ व इसके आनुषंगिक संगठनों के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए। मुख्य वक्ता काशी प्रांत के प्रांत संपर्क प्रमुख प्रो. गिरीश चन्द्र त्रिपाठी ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ को बदनाम करने की हर साजिश का मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। देश की जनता कांग्रेस के इस घृणित अभियान को बर्दाश्त नहीं करेगी। प्रो. त्रिपाठी ने कहा कि पिछले कुछ वर्षो से संतों व आरएसएस को लांछित करने का सुनियोजित प्रयास किया जा रहा है। मनगढ़ंत आरोपों में संघ के कार्यकर्ताओं को फंसाया जा रहा है। हाल ही में कुछ बम विस्फोटों में वरिष्ठ प्रचारक इन्द्रेश कुमार व अन्य कार्यकर्ताओं का नाम घसीटने की कवायद इसी कड़ी में शामिल है। केन्द्र में सत्ता में बैठी कांग्रेस सरकार देश के खिलाफ साजिश रचने वालों को समर्थन दे रही है। विहिप के प्रांत संगठन मंत्री मनोज श्रीवास्तव ने संघ को बदनाम करने की कांग्रेस की साजिश का पर्दाफाश करने का आह्वान किया। स्वामी मध्वाचार्य ने कहा कि महात्मा गांधी ने संघ के कार्यो को सराहा था। आज कांग्रेस के पदाधिकारी संघ को सिमी जैसा आंतकवादी संगठन बता रहे हैं। राष्ट्रद्रोही व राष्ट्रभक्त में अंतर कांग्रेस की समझ में नहीं आ रहा है। कार्यक्रम में धाराराम यादव, भारतीय मजदूर संघ के गिरीश चन्द्र श्रीवास्तव, प्रांत संघ चालक, डॉ. विश्वनाथ लाल निगम, डॉ. आनंद शंकर सिंह, अरविन्द, पं. केशरी नाथ त्रिपाठी, डॉ. नरेन्द्र सिंह गौर, उदयभान करवरिया, लक्ष्मी शंकर ओझा, पवन श्रीवास्तव, उमेश द्विवेदी आदि उपस्थित रहे। संचालन जिला संपर्क प्रमुख सौरभ श्रीवास्तव ने किया। प्रदर्शन के बाद संघ की ओर से एसीएम चतुर्थ को प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा गया। www.jagran.com

No comments: