WELCOME

VSK KASHI
63 MADHAV MARKET
LANKA VARANASI
(U.P.)

Total Pageviews

Monday, August 14, 2023

प्रतापगढ़ में मनाया गया अखंड भारत संकल्प दिवस

प्रतापगढ़| राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, प्रतापगढ़ के महाविद्यालयीन विद्यार्थी कार्य विभाग द्वारा सोमवार को अखंड भारत संकल्प दिवस का आयोजन प्रताप बहादुर स्नातकोत्तर महाविद्यालय  में किया गया| कार्यक्रम के मुख्य वक्ता विभाग प्रचार प्रमुख डॉ सौरभ पांडेय ने कहा कि भारत सांस्कृतिक दृष्टि से सशक्त और समृद्ध राष्ट्र है| एक समय था जब भारत की सांस्कृतिक और भौगोलिक सीमा विश्व के विस्तृत भूभाग में फैली थी| परिस्थितियों के चलते भौगोलिक सीमा में परिवर्तन हुआ| धीरे-धीरे विदेशी आक्रांताओं के प्रभाव के कारण अनेक प्रकार के सामाजिक परिवर्तन हुए| समय परिवर्तन के साथ हम आत्मविस्मृति में चले गए और अपने गौरवशाली अतीत को भूल गए| आज का दिन "स्व" के जागरण और उसके संकल्प का दिवस है| आज इस बात का स्मरण करें कि हमारा एक गौरवशाली, वीरता से भरा हुआ, समृद्ध, स्वाभिमान युक्त, पूरे विश्व को दिशा देने वाला इतिहास है| भारत में 1947 को स्वाधीनता प्राप्त होने के पश्चात 75 वर्षों की यात्रा में देश का गौरव और आत्मविश्वास बढ़ा है| आज सांस्कृतिक और सामरिक  दृष्टि से भारत पूरे विश्व में सशक्त राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान बनाने में सफल हुआ है| हमारे पास ज्ञान का अथाह भंडार है| इसके आधार पर पूरे विश्व को दिशा देने में हम सक्षम हैं| आज धर्म, संस्कृति, विज्ञान, पर्यावरण सभी क्षेत्रों में भारत एक समुन्नत राष्ट्र के रूप में स्थापित हुआ है| यह मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम और योगेश्वर श्रीकृष्ण की धरती है| यहां पर हमारे पूर्वजों ने त्याग, करुणा, दया, दान, तप समानता, समरसता का संदेश दिया है| आज अखंड भारत संकल्प दिवस के अवसर पर अपने सांस्कृतिक यात्रा को संपूर्ण विश्व में स्थापित करने की दिशा में बढ़ने का संकल्प लें और अपने गौरवशाली इतिहास को स्मरण करते हुए गर्व की अनुभूति करें| अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर अमित कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि भारतवर्ष को धीरे-धीरे कई बार विखंडित किया गया| 1947 में देश का विभाजन भारत और पाकिस्तान के रूप में किया गया और प्रयास किया गया कि भारत पूरी तरह से विखंडित हो जाए लेकिन सरदार पटेल  ने अपने बुद्धिमता का परिचय देते हुए भारत को वर्तमान स्वरूप प्रदान करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन किया| मा.जिला संघचालक चिंतामणि द्विवेदी ने कहा कि भारतभूमि हमारी माता है और यहां पर रहने वाले सभी लोग हमारे बंधु हैं| हम सबको राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता के लिए अपना सर्वस्व अर्पित करने का संकल्प लेना चाहिए|

     कार्यक्रम के आरंभ में अतिथियों द्वारा भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन किया गया| इस अवसर पर अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहें|

No comments: