WELCOME

VSK KASHI
63 MADHAV MARKET
LANKA VARANASI
(U.P.)

Total Pageviews

Thursday, March 23, 2023

अपनी संस्कृति पर गर्व करने का भाव जागृत करना हम सब का कर्तव्य - मनोज जी

प्रतापगढ़| राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ,प्रतापगढ़ नगर द्वारा आयोजित वर्ष प्रतिपदा उत्सव एवं पथ संचलन कार्यक्रम को मुख्य वक्ता के रूप में सम्बोधित करते हुए पूर्वी उत्तर प्रदेश के सह क्षेत्र संपर्क प्रमुख मनोज जी ने कहा कि समाज को दिशा देना और अपनी संस्कृति पर गर्व करने का भाव जागृत करना हम सब का कर्तव्य है| राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ता समाज के प्रति अपने दायित्व का पूर्ण निर्वहन करते हैं| उन्होंने कहा कि दुराचारी शक्तियों के सर्वनाश के लिए समाज को काली और दुर्गा का रूप उसी प्रकार का रखना होगा जैसे मां काली ने रक्तबीज का संहार करने के लिए रक्त की बूंद को पृथ्वी पर नहीं गिरने दिया| भारतीय सनातन परंपरा और ज्योतिष वैज्ञानिक काल गणना पर आधारित है| अनादि काल से चली आ रही परंपरा के प्रति हमें गर्व है|

     उन्होंने कहा कि आने वाले समय में हम सभी समाज को एकता के सूत्र में जोड़कर, समरसता का भाव स्थापित करें, संगठित, समृद्ध और सशक्त समाज की स्थापना करने के साथ-साथ सशक्त गौरवशाली राष्ट्र की स्थापना के लिए अपनी संपूर्ण शक्ति से प्रयास करें| कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए उन्होंने आगे कहा कि आज का दिन भारतीय संस्कृति और परंपरा के लिए सर्वोत्कृष्ट दिवस है| आज ही के दिन सृष्टि की रचना हुई| भगवान श्री राम  का राज्याभिषेक भी आज ही हुआ था| राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के आद्य सरसंघचालक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार का जन्म आज ही के दिन चैत्र शुक्ल प्रतिपदा को हुआ था| आयोजित संचलन तुलसी सदन से प्रारंभ होकर बाबागंज, पंजाबी मार्केट, श्रीराम चौराहा, घंटाघर होते हुए तुलसी सदन पहुंचा| इस अवसर पर स्थान-स्थान पर मातृशक्ति द्वारा पुष्प वर्षा भी की गई| कार्यक्रम में मा.नगर संघचालक नितेश खंडेलवाल, विभाग कार्यवाह हरीश, जिला कार्यवाह डॉ सौरभ पांडेय, जिला प्रचारक शिव प्रसाद, डॉ रंगनाथ, कार्तिकेय, शीतांशु, प्रभा शंकर, देवदत्त, हरिओम समेत बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों ने सहभाग किया|

No comments: