WELCOME

VSK KASHI
63 MADHAV MARKET
LANKA VARANASI
(U.P.)

Total Pageviews

Monday, January 8, 2024

सियावर रामचंद्र के जयकारे से बम बम बोली काशी

विदेशी मेहमानों में भी दिखा आस्था, किया जयश्रीराम का उद्घोष

काशी। देशभर में चल रहे श्रीराम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा को लेकर तरह-तरह के आयोजनों से वातावरण राममय हो चुका है। इसी क्रम में काशी दक्षिण एवं उत्तर भाग के विभिन्न नगरों में शोभायात्रा निकालकर नागरिकों ने अपने आराध्य के आगमन के उत्साह को शोभायात्राओं के माध्यम से प्रदर्शित किया।

रविवार को दक्षिण भाग के कुल 4 स्थानों से शोभायात्रा निकाली गई। मानस नगर में कश्मीरीगंज (खोजवां) स्थित श्रीराम जानकी मंदिर से यात्रा प्रारंभ हुआ। यात्रा में सबसे आगे माताएं अयोध्या से आए पूजित अक्षत कलश एवं राम ध्वजा लेकर चल रही थीं। यात्रा में वेद विद्यालय के छात्र मंगलाचरण करते हुए चल रहे थे। सुसज्जित रथ पर श्रीराम दरबार बैठा हुआ था। जिसके आगे डमरू दल का नाद शिव की काशी को गुंजायमान कर रहा था। यात्रा दुर्गाकुंड होती हुए कबीरनगर कॉलोनी से गांधी चौक खोजावां पहुंची। यात्रा का विश्राम शंकुलधारा पोखरे पर हुआ। इसके साथ ही गंगानगर में निकली शोभायात्रा अस्सी स्थित मुमुक्षु भवन से प्रारंभ हुई जिसमे बड़ी संख्या में महिलाएं, गणमान्य नागरिक एवं बटुकगण हाथ में ध्वज और पताका लिए हुए रामभजनों पर थिरकते हुए चल रहे थे।

शोभायात्रा के आगे सुसज्जित वाहन पर भगवान राम का बड़ा चित्र कार्यक्रम का आकर्षण था। शोभायात्रा रविदास गेट होकर रविदास पार्क नगवां मार्ग से होती हुई पुनः मुमुक्षु भवन पर समाप्त हुई। केशवनगर में अमरा बाईपास स्थित हनुमान मंदिर से यात्रा प्रारंभ हुई। शोभायात्रा में भगवान शिव का रूप धरे स्वयंसेवक तांडव नृत्य करते हुए चल रहे थे। सजे हुए वाहन पर छोटी बालिका ने भगवान राम का रूप धारण किया था। यात्रा का विसर्जन चितईपुर चौराहे स्थित श्रीराम जानकी मंदिर में पूजन कर हुआ। इसके अतिरिक्त रविदास नगर में भी शोभायात्रा निकाली गई, जिसमे बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहें। यात्रा में प्रमुख रूप से पंजीयन शुल्क एवं स्टांप मंत्री रवींद्र जायसवाल, भाग प्रचारक विक्रांत, अनिल, दिवाकर, नगर संघचालक के.वेंकट रमण घनपाठी, डा.वैभव जायसवाल, उपेंद्र त्रिपाठी, राकेश, अजीत, संतोष, जगन्नाथ ओझा, ऋषि सहित बड़ी संख्या में श्रीराम भक्त, माताएं, बहनें उपस्थित रहीं।

उत्तर भाग : पूजित अक्षत को लेकर निकाली गयी शोभायात्रा में नागरिकों ने दिखाया उत्साह

आवास विकास कॉलोनी पांडेयपुर स्थित शिवाजी पार्क से निकाली गई अयोध्या से पूजित अक्षत यात्रा ने नगर को एक नई ऊर्जा से ओत प्रोत कर दिया। यात्रा में सम्मिलित नगर के सभी रामभक्त और मातृशक्ति के उत्साह और उमंग से पूरे क्षेत्र में राममय का वातावरण छाया रहा। समृद्धि और सामूहिक एकता की भावना ने इस शोभायात्रा को और भी महत्वपूर्ण बना दिया। इस यात्रा का समापन मुंशी प्रेमचंद स्मारक पर हुआ, जहां स्थानीय नागरिकों ने भारी संख्या में भाग लेकर अपना समर्थन दिखाया।

यात्रा में सुनील, रमेश, वरुण, अजय, शैलेंद्र, प्रमोद, अखिलेश, शिवकुमार, अनीता, कुसुम, सुषमा, दुर्गेश नंदिनी समेत बस्ती के सभी स्वयंसेवकों ने इस शोभायात्रा में भाग लिया।




No comments: