WELCOME

VSK KASHI
63 MADHAV MARKET
LANKA VARANASI
(U.P.)

Total Pageviews

Tuesday, April 5, 2022

चैत्र शुक्ल प्रतिपदा संपूर्ण हिंदू समाज और सृष्टि के लिए महत्वपूर्ण दिवस - रमेश जी

प्रतापगढ़| चैत्र शुक्ल प्रतिपदा का दिन संपूर्ण हिंदू समाज के लिए, संपूर्ण सृष्टि के लिए एक महत्वपूर्ण दिवस है| सृष्टि का आरंभ चैत्र शुक्ल प्रतिपदा को हुआ था| आज ही के दिन संघ के संस्थापक डॉ केशव बलिराम हेडगेवार का जन्मदिवस है| आज ही के दिन विक्रमादित्य ने विक्रम संवत की स्थापना की थी| यह बातें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, काशी प्रांत के प्रांत प्रचारक रमेश जी ने वर्ष प्रतिपदा पर आयोजित पथ संचलन कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कही|

     स्थानीय जिला कार्यवाह डॉ सौरभ पाण्डेय के अनुसार राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, प्रतापगढ़ द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में प्रान्त प्रचारक ने कहा कि भारत ही ऐसा राष्ट्र है, जहां पर ऋषि-मुनियों, तपस्वियों और देवताओं ने जन्म लेकर अपने आप को धन्य माना है| यहां के कण-कण में ईश्वर का वास है| यहां की पवित्र नदियों में जीवन की धारा बहती है| हमारा राष्ट्र भारत विश्व गुरु है जो ज्ञान, विज्ञान के क्षेत्र में सदैव अग्रणी रहा है| हमने विश्व को दिशा देने कार्य किया है| उन्होंने आगे कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ संपूर्ण विश्व में हिंदू समाज को संगठित करने का कार्य करता है| हम सब का भाव वसुधैव कुटुंबकम की भावना से प्रेरित है| संपूर्ण समाज को संगठित एवं समरसता के भाव से परिपूर्ण कर एक सशक्त और समृद्ध राष्ट्र बनाने की दिशा में हम सब अग्रसर हो रहे हैं और यह हम सबका अखंड विश्वास है कि आने वाले समय में भारत पूरे विश्व का नेतृत्व करते हुए एक बार पुनः अग्रणी भूमिका में होगा| हम सभी को आज के दिन संकल्प लेना चाहिए कि हमें अपनी सनातन संस्कृति, सभ्यता और धर्म की रक्षा करते हुए स्वयं में गौरव और स्वाभिमान का अनुभव करना चाहिए|

     जिला प्रचार प्रमुख प्रभाशंकर पांडेय ने बताया कि इसके पश्चात स्वयंसेवकों द्वारा पथ संचलन किया गया| घोष वादन के साथ कदम से कदम मिलाकर चल रहे स्वयंसेवकों का भाव राष्ट्रभक्ति से परिपूर्ण था| संचलन राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान से आरंभ होकर चौक घंटाघर,  भगवा चुंगी, ट्रेज़री चौराहा, शिवाजी चौराहा होते हुए पुनः राजकीय इंटर कॉलेज में आकर पूर्ण हुआ|

     इस अवसर पर राष्ट्रभक्त मातृशक्ति, जन समुदाय के द्वारा स्थान स्थान पर पुष्प वर्षा कर राष्ट्रभक्त  स्वयंसेवकों का अभिनंदन किया गया| नगर का पूरा वातावरण नववर्ष के इस अवसर पर राष्ट्रभक्ति से परिपूर्ण दिखा|

No comments: