WELCOME

VSK KASHI
63 MADHAV MARKET
LANKA VARANASI
(U.P.)

Total Pageviews

Friday, October 15, 2021

सोनभद्र : संघ स्थापना दिवस पर स्वयंसेवकों ने दिया एकता और अनुशासन का परिचय

 सोनभद्र| श्रीविजयादशमी उत्सव पर सोनभद्र में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवकों ने हर्षोल्लास के साथ जिले के सभी खंडो व नगरों में कार्यक्रम का आयोजन किया। जिला प्रचार प्रमुख नीरज ने बताया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 96वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में सर्वप्रथम प्रभु श्रीराम की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर शस्त्र पूजन किया गया। स्वयंसेवकों ने पद विन्यास, सामूहिक समता से एकता और अनुशासन का परिचय देने के साथ दंड युद्ध से अपने कौशल का प्रदर्शन किया| 

    इस दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ मुख्यालय से प्रसारित प.पू. सरसंघचालक जी का लाइव उद्बोधन प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि दुर्बलता ही कायरता को जन्म देती है। बल, शील, ज्ञान तथा संगठित समाज को ही दुनिया सुनती है। सत्य तथा शान्ति भी शक्ति के ही आधार पर चलती है। जागरुक, संगठित, बलसंपन्न व सक्रिय हिंदू समाज ही सब समस्याओं का समाधान है। देश में अराजकता का माहौल बनाया जा रहा है, कुछ कट्टरपंथी लोग देश को बांटने का काम कर रहे हैं। इसलिए हिंदुओं को बल संपन्न और संगठित होने की जरूरत है और यही सभी समस्याओं का हल भी है। उन्होंने आगे कहा कि आज हिंदुओं के मंदिरों की जमीनों को हड़पा जा रहा है, इसलिए यह जरूरी है कि हिंदू मंदिरों का संचालन हिंदू भक्तों के ही हाथों में रहे तथा मंदिरों की सम्पत्ति का उपयोग हिंदू समाज की सेवा में ही हो। इसके लिए हमें सब प्रकार के भय से मुक्त होना होगा। दुर्बलता ही कायरता को जन्म देती है। बल, शील, ज्ञान तथा संगठित समाज को ही दुनिया सुनती है। सत्य तथा शान्ति भी शक्ति के ही आधार पर चलती है। भागवत ने कहा कि,भारत ने कोरोना के प्रति सबसे अच्छे तरीके से प्रतिकार किया है। पहली लहर भारत में कोई खास असर नहीं दिखा पाई थी, लेकिन दूसरी ने कई लोगों को हमसे छीन लिया। अब तीसरी लहर की भी आशंका है। 

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने गांव-गांव में युवाओं की टोली को प्रशिक्षित किया है, जिससे वे तीसरी लहर में देश की मदद कर पाएं।मोहन भागवत ने कहा कि आजादी के बाद विभाजन का दर्द मिला। विभाजन की टीस अब तक नहीं गई है। हमारी पीढ़ियों को इतिहास के बारे में जानना चाहिए, जिससे आने वाली पीढ़ी अपने आगे की पीढ़ी को बता पाएं कि देश के लिए बलिदानियों की आकाश गंगा चली आ रही है।

कार्यक्रम का समापन जिला संघचालक मा. हर्ष अग्रवाल के उद्बोधन से हुआ| इस दौरान विभाग प्रचारक प्रवेश, सह जिला संघचालक नंदलाल, जिला कार्यवाह बृजेश, सह जिला कार्यवाह पंकज, नगर कार्यवाह संतोष, नगर प्रचारक योगेश, अवध, कीर्तन, महेश, नीरज, सत्यारमण, शशांक, संगम, आनंद, नितीश, नितेश आदि उपस्थित रहे।

No comments: